SWAYAM Portal: डिजिटल युग में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। आज ज्ञान केवल कक्षा की चारदीवारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इंटरनेट के माध्यम से दुनिया के किसी भी कोने में उपलब्ध है। इसी परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने SWAYAM (Study Webs of Active Learning for Young Aspiring Minds) की शुरुआत की।
स्वयं पोर्टल भारत की डिजिटल शिक्षा क्रांति का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। यह न केवल शिक्षा को सर्वसुलभ बना रहा है, बल्कि गुणवत्ता और समान अवसर सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और सक्षम नागरिक बनने में सहायक है। यह शिक्षा को लोकतांत्रिक बनाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक ज्ञान पहुँचाने का कार्य कर रहा है। आज जब विश्व ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में डिजिटल शिक्षा की दिशा में भारत सरकार की क्रांतिकारी पहल जैसे स्वयं पोर्टल युवाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। डिजिटल शिक्षा के इस युग में ‘स्वयं’ केवल एक पोर्टल नहीं, बल्कि समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माध्यम है।
स्वयं पोर्टल क्या है?
SWAYAM Portal भारत सरकार द्वारा प्रारंभ किया गया SWAYAM (Study Webs of Active Learning for Young Aspiring Minds) डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की एक महत्वपूर्ण पहल है। जिसकी शुरूआत 2017 में शिक्षा मंत्रालय द्वारा किया गया है। स्वयं पोर्टल भारत की एक ऑनलाइन शिक्षण मंच है, जो कक्षा 9 से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक के पाठ्यक्रम प्रदान करता है। इन पाठ्यक्रमों को देश के प्रतिष्ठित शिक्षकों और संस्थानों द्वारा तैयार किया जाता है। कोई भी विद्यार्थी, शिक्षक या इच्छुक शिक्षार्थी इस डिजिटल शिक्षण मंच पर कहीं से भी और कभी भी मुक्त अध्ययन कर सकता है।
स्वयं पोर्टल का उद्देश्य
SWAYAM Portal : स्वयं पोर्टल का मुख्य लक्ष्य डिजिटल शिक्षण के माध्यम से शिक्षा को सामान्य जनमानस तक पहुचना है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी या इच्छुक शिक्षार्थी भी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त कर सकें। इसका उद्देश्य नई शिक्षा नीति के तीन मूल सिद्धांतों — पहुंच (Access), समानता (Equity) और गुणवत्ता (Quality) को साकार करना है। यह मंच विशेष रूप से उन छात्रों के लिए उपयोगी है जो आर्थिक, सामाजिक या भौगोलिक कारणों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर वंचित और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों तक उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा को पहुँचाना है। देश के प्रत्येक नागरिक के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वसुलभ और सस्ती बनाता है। यह डिजिटल शिक्षा भारत के निर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए देश के युवाओं को सशक्त बनाने में मदद कर रहा है।
स्वयं पोर्टल के प्रमुख उद्देश्यों को निम्नलिखित बिंदुओं में समझा जा सकता है—
- शिक्षा में समान अवसर प्रदान करना: स्वयं का उद्देश्य समाज के हर वर्ग—विशेषकर ग्रामीण, दूरस्थ और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए समान शैक्षिक अवसर प्रदान करना है। यह शिक्षा के लोकतंत्रीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
- डिजिटल विभाजन को कम करना: देश में अनेक छात्र अभी भी डिजिटल संसाधनों से वंचित हैं। स्वयं पोर्टल इंटरनेट के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर डिजिटल गैप को कम करने का प्रयास करता है।
- गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना: स्वयं पर उपलब्ध पाठ्यक्रम देश के प्रतिष्ठित शिक्षकों और संस्थानों द्वारा तैयार किए जाते हैं। इसका उद्देश्य छात्रों को उच्च स्तर की, प्रमाणित और विश्वसनीय शिक्षा प्रदान करना है।
- नई शिक्षा नीति के सिद्धांतों को लागू करना: यह मंच नई शिक्षा नीति के तीन प्रमुख सिद्धांतों – पहुंच (Access), समानता (Equity), गुणवत्ता (Quality) को व्यवहार में लाने का माध्यम है।
- लचीला और आत्मनिर्भर अध्ययन: स्वयं का उद्देश्य छात्रों को “कहीं भी, कभी भी” अध्ययन करने की सुविधा प्रदान करना है, ताकि वे अपनी गति और सुविधा के अनुसार सीख सकें।
- कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा: तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के माध्यम से स्वयं विद्यार्थियों को आधुनिक कौशल प्रदान करता है, जिससे वे रोजगार के अवसरों के लिए अधिक सक्षम बन सकें।

